Thursday, 24 September 2026
होम Top News बुंदेलखंडी लोकगीत से ‘हनुमान अंश’ तक पहुंचे सुनील लोधी:डायरेक्टर ने खुद बुलाकर दिया फिल्म में गाने का मौका, एक मैसेज ने बदली किस्मत
Top News

बुंदेलखंडी लोकगीत से ‘हनुमान अंश’ तक पहुंचे सुनील लोधी:डायरेक्टर ने खुद बुलाकर दिया फिल्म में गाने का मौका, एक मैसेज ने बदली किस्मत

dbnadmin
DBN विशेष संवाददाता
24 September 2026 7:26 PM 1 मिनट पठन 37 Views
बुंदेलखंडी लोकगीत से ‘हनुमान अंश’ तक पहुंचे सुनील लोधी:डायरेक्टर ने खुद बुलाकर दिया फिल्म में गाने का मौका, एक मैसेज ने बदली किस्मत

मध्य प्रदेश के अगरा गांव के लोक गायक सुनील लोधी आज फिल्म ‘हनुमान अंश’ के गीत ‘मैंने तेरे ही भरोसे, हनुमान, सागर में नैया डाल दई…’ से पहचान बना रहे हैं। लेकिन, इस मुकाम तक पहुंचने की कहानी एक वायरल वीडियो से शुरू हुई थी। 2019 में उनके मामा रोहित साहू ने आंखों से दिव्यांग गायक सुनील का बुंदेलखंडी लोकगीत गाते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया था। वीडियो वायरल होने के बाद सुनील को लगातार लोकगीत गाने के मौके मिलने लगे और उनकी आवाज बुंदेलखंड में पहचान बनाने लगी। दैनिक भास्कर ने सुनील का पहला वीडियो शूट कर सोशल मीडिया पर शेयर करने वाले मामा रोहित साहू से बातचीत की। रोहित ने बताया कि सुनील बचपन से ही गीत-संगीत के शौकीन थे। गांव के बुजुर्गों को तंबूरा बजाते सुनकर उन्होंने भी करीब 9 साल की उम्र से इसे सीखना शुरू कर दिया था। पढ़िए लोकगीत गाने से लेकर फिल्मी गीत तक का सुनील लोधी का सफर…। रोहित बोले- मैंने सुनील के अंदर छिपी प्रतिभा पहचानी मध्य प्रदेश के अगरा गांव में गायक सुनील लोधी के घर से करीब 6 किलोमीटर दूर तालचिर गांव में रहने वाले रोहित साहू को सुनील बचपन से ही मामा कहते थे। रोहित ने बताया कि जब उन्होंने सुनील के भीतर छिपी प्रतिभा को देखा तो उनके वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करना शुरू कर दिया। लेकिन, साल 2019 में उन्होंने सुनील का एक बुंदेलखंडी लोकगीत का वीडियो बनाकर शेयर किया। इस वीडियो के बाद सुनील को बुंदेलखंडी गीत गाने के मौके मिलने शुरू हो गए। 2019 का बुंदेलखंडी लोकगीत जानिए रोहित ने बताया कि उन्होंने सुनील से बुंदेलखंडी गीत गवाया था, जिसके बोल थे- “मोरे रैयां ने भोरा… दूल्हा बन के आ गए ठेला है मोटर को ब्याह मोरे रैयां ने भोरा, सबरे वाहन जोर में ले आए पटपटिया न्योते लगवाए ट्रैक्टर मामा जी कट ले आए। इस गीत के वायरल होने के बाद सुनील को लोकगीत गाने के लगातार मौके मिलने लगे। इसके बाद सुनील का हौसला बढ़ा और उन्हें विश्वास हुआ कि वह भी गाने गा सकते हैं। साल 2019 के बाद से सुनील को लगातार लोकगीत गाने के मौके मिलते रहे। मुंबई में मिला फिल्म में गाने का मौका रोहित ने बताया कि 6 फरवरी 2026 को वह सुनील को एक फोक सॉन्ग रिकॉर्ड करने के लिए मुंबई लेकर गए थे। उसी दौरान शाम के समय दोनों वर्सोवा बीच घूमने गए थे। वहां सुनील के इंस्टाग्राम पर एक मैसेज आया। मैसेज करने वाले ने लिखा था कि वह फिल्म के डायरेक्टर हैं और उन्हें सुनील से मिलना है। कुछ ही देर बाद इंस्टाग्राम मैसेज के जरिए एक मोबाइल नंबर भी भेजा गया। रोहित ने बताया कि शुरुआत में उन्हें विश्वास नहीं हुआ कि आखिर कौन व्यक्ति मैसेज कर रहा है। लेकिन जब उन्होंने उस नंबर पर फोन किया तो दूसरी तरफ फिल्म ‘हनुमान अंश’ के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी थे। उन्होंने मिलने के लिए बुलाया। सुनील को लेकर फिल्म डायरेक्टर से मिलने पहुंचे रोहित ने बताया- विशाल चतुर्वेदी ने उन्हें फिल्म के बारे में बताया और कहा कि उन्होंने इंस्टाग्राम पर सुनील के गीत सुने हैं। इसी वजह से उन्होंने सुनील को इंस्टाग्राम पर मैसेज किया था। उन्होंने पूछा कि क्या सुनील फिल्म में एक गाना गा सकते हैं। उस समय दोनों को मानो विश्वास ही नहीं हुआ कि अचानक यह सब कैसे हो गया। रोहित और सुनील दोनों ही बेहद खुश हुए। इसके बाद फिल्म के लिए ‘सागर में नैया डाल दई’ गीत रिकॉर्ड किया गया। फिल्म रिलीज होने तक बना रहा उत्साह गीत की रिकॉर्डिंग हो चुकी थी और इसके बाद वे फिल्म के रिलीज होने का इंतजार कर रहे थे। 7 अगस्त को फिल्म थिएटर में रिलीज हुई। उस समय उनके मन में उत्सुकता थी कि फिल्म में सुनील का गाया हुआ गीत है भी या नहीं। उन्होंने कुछ लोगों को बताया था कि इस फिल्म में सुनील का गाया हुआ गीत है। हालांकि, कुछ लोग फिल्म देखने के बाद उन्हें बताने लगे कि फिल्म में ऐसा कोई गीत नहीं है। इसके बाद रोहित साहू और सुनील लोधी फिल्म देखने के लिए तीसरे दिन ही थिएटर पहुंचे। जब फिल्म में सुनील का गाया हुआ गीत सुनाई दिया तो दोनों बेहद खुश हुए। इसके बाद फिल्म में सुनील लोधी की आवाज में गाया गया ‘मैंने तेरे लिए ही, हनुमान, सागर में नैया डाल दई’ गीत लोगों को खूब पसंद आया। लोगों ने इस गीत को इतना प्यार दिया कि इसकी चर्चा पूरे देश के साथ-साथ विदेशों में भी होने लगी। कानपुर में सुनील के गीतों पर हजारों छात्र मंत्रमुग्ध हुए थे सिंगर सुनील लोधी 18 सितंबर को कानपुर यूनिवर्सिटी पहुंचे थे। यहां ऑडिटोरियम में उन्होंने हजारों स्टूडेंट्स को अपने गीतों से मंत्रमुग्ध कर दिया था। कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के कुलपति विनय पाठक भी सुनील के भजन सुनकर आंखें बंदकर तालियां बजाते नजर आए थे। सुनील और रोहित कानपुर में करीब 4 घंटे तक रुके थे।

Source: Read Full Article

प्रतिक्रिया दें (Leave a Reply)

आपका ईमेल पता सुरक्षित है और प्रकाशित नहीं किया जाएगा। आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *