रायबरेली में दरियापुर बायपास पर डेढ़ साल से भरा पानी:राहगीर गिरकर हो रहे घायल, व्यापार ठप; आंदोलन की चेतावनी
रायबरेली के दरियापुर बायपास (जौनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग) पर पिछले करीब डेढ़ साल से जलभराव की समस्या बनी हुई है। लगातार सड़क पर पानी भरे रहने से राहगीरों, स्थानीय दुकानदारों और आसपास के ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद प्रशासन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाल सका है। स्थानीय युवा समाजसेवी हिमांशु वैश्य ने बताया कि मुंशीगंज के पास जौनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबे समय से पानी भरा हुआ है। इसके चलते पैदल चलने वाले लोग अक्सर फिसलकर गिर जाते हैं और चोटिल हो जाते हैं। वहीं, पानी के कारण वाहन भी अनियंत्रित होकर दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। दुकानदारों का कारोबार प्रभावित, बदबू से परेशान ग्रामीण जलभराव का असर स्थानीय कारोबार पर भी पड़ा है। दुकानदारों का कहना है कि सड़क पर पानी भरे रहने से ग्राहक नहीं पहुंच रहे हैं, जिससे उनका व्यापार लगभग ठप हो गया है। वहीं, आसपास रहने वाले ग्रामीण बदबूदार माहौल में रहने को मजबूर हैं। स्कूली बच्चों की बढ़ी मुश्किलें स्कूल से लौट रहे छात्र समर पांडे ने बताया कि सड़क पर भरा पानी इतना गहरा और गंदा है कि पैदल निकलना मुश्किल हो जाता है। उन्होंने कहा कि एक बार वह खुद भी पानी में गिर चुके हैं। इसके अलावा, तेज रफ्तार से गुजरने वाले वाहनों के कारण गंदे पानी के छींटे यूनिफॉर्म पर पड़ जाते हैं, जिससे कपड़े खराब हो जाते हैं। कई बार दिया ज्ञापन, मिला सिर्फ आश्वासन हिमांशु वैश्य के मुताबिक, गांव के पूर्व प्रधान और वर्तमान प्रधान के साथ मिलकर कई बार प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया। इसके बावजूद हर बार केवल आश्वासन मिला। कभी-कभार सुपर सकर (सीबी) मशीन से कुछ पानी निकाल दिया जाता है, लेकिन जल निकासी की स्थायी व्यवस्था आज तक नहीं हो सकी। स्थायी निकास नहीं हुआ तो होगा आंदोलन स्थानीय लोगों का कहना है कि जलभराव के कारण पैदल आवागमन लगभग बंद हो गया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि एनएचएआई और संबंधित प्रशासन ने जल्द ही नाले के स्थायी निकास की व्यवस्था नहीं की, तो क्षेत्र के लोग सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
Source: Read Full Article
Leave a Reply