गोरखपुर में शनिवार को हुई मूसलाधार बारिश के बाद साहबगंज किराना मंडी में जलभराव से नाराज व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा। स्थिति का जायजा लेने पहुंचे मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव और नगर आयुक्त अजय जैन की गाड़ी को व्यापारियों ने चारों तरफ से घेर लिया। इस दौरान कुछ लोगों ने नारेबाजी भी की। गाड़ी के घेराव का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जायजा लेने पहुंचे थे मेयर और नगर आयुक्त शनिवार को हुई तेज बारिश के बाद साहबगंज किराना मंडी में काफी पानी भर गया था। जलभराव की स्थिति देखने के लिए मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव और नगर आयुक्त अजय जैन मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारी स्थिति का जायजा ले रहे थे। इसी दौरान स्थानीय व्यापारी वहां पहुंच गए और उन्होंने अधिकारियों की गाड़ी को घेर लिया। व्यापारियों का कहना था कि हर बार बारिश के दौरान मंडी में जलभराव हो जाता है। इससे दुकानों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में पानी घुसने से सामान खराब हो जाता है। व्यापारियों के मुताबिक, हर बारिश में उन्हें लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ता है। व्यापारियों ने पूछा- तीन साल में भी समस्या क्यों नहीं हुई ठीक घेराव के दौरान समस्त व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष उमेश मद्धेशिया ने मेयर से सवाल किया कि चुनाव से पहले जब जलभराव की समस्या थी, तब वह पानी में उतरकर वोट मांगने पहुंचे थे। अब करीब तीन साल का समय बीत चुका है, लेकिन समस्या अभी भी बनी हुई है। उन्होंने कहा कि बारिश होते ही साहबगंज किराना मंडी में पानी भर जाता है। व्यापारियों का लाखों रुपये का सामान खराब हो जाता है। इस नुकसान की भरपाई व्यापारियों को अपनी जेब से करनी पड़ती है। शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं होने का आरोप व्यापारियों ने नगर निगम की कार्यप्रणाली को लेकर भी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि जलभराव और नाले की समस्या को लेकर कई बार नगर निगम में शिकायत की गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि शिकायत करने पर नगर निगम की ओर से कभी नाला पुराना होने तो कभी सफाई ठीक से नहीं होने की बात कही जाती है। उनका कहना था कि बारिश के समय समस्या सामने आने के बाद कुछ समय के लिए सफाई और पानी निकासी की व्यवस्था की जाती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। नया नाला बनने के बाद भी जलभराव व्यापार मंडल के महामंत्री मनीष गुप्ता ने कहा कि जिस नाले को नया बनाया गया है, उसमें भी जल निकासी की समस्या बनी हुई है। उन्होंने कहा कि नया नाला बनने के बाद भी बारिश में पानी नहीं निकल पा रहा है। ऐसे में व्यापारियों को समझ नहीं आ रहा कि आखिर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कब होगा। मेयर से गाड़ी से उतरकर बात करने की मांग धीरे-धीरे व्यापारियों का विरोध बढ़ता गया। स्थानीय दुकानदार मेयर से गाड़ी से उतरकर मौके पर ही बातचीत करने की मांग करने लगे। मेयर के साथ नगर आयुक्त अजय जैन भी गाड़ी में मौजूद थे। दोनों अधिकारियों को व्यापारियों के विरोध का सामना करना पड़ा। इस दौरान कुछ लोग वीडियो भी बना रहे थे। वीडियो में व्यापारियों की नाराजगी और नारेबाजी सुनाई दे रही है। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। अधिकारियों ने जल्द समाधान का दिया आश्वासन व्यापारियों के विरोध के बाद अधिकारियों ने उनकी समस्या सुनी और जल्द से जल्द जलभराव की समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद मामला शांत हुआ। इस दौरान पूर्व अध्यक्ष उमेश मद्धेशिया, महामंत्री मनीष गुप्ता, राकेश गुप्ता, सतीश चंद, अतुल अग्रवाल, सुनील चौरसिया, जितेंद्र चौरसिया, गोपाल जायसवाल, पिंटू अग्रहरि समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
Source: Read Full Article