Friday, 25 September 2026
होम Environment पूरे बिहार में आज आंधी-बारिश का अलर्ट:19 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, 27 सितंबर तक बदला रहेगा मौसम
Environment

पूरे बिहार में आज आंधी-बारिश का अलर्ट:19 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, 27 सितंबर तक बदला रहेगा मौसम

dbnadmin
DBN विशेष संवाददाता
24 September 2026 5:26 PM 1 मिनट पठन 617 Views
पूरे बिहार में आज आंधी-बारिश का अलर्ट:19 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, 27 सितंबर तक बदला रहेगा मौसम

मौसम विज्ञान केंद्र ने आज यानी गुरुवार को बिहार के 38 जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी जारी की है। इसमें 19 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज और 19 जिलों में मध्यम बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तेज हवा के साथ बारिश की संभावना है। इस दौरान आकाशीय बिजली भी गिरने की आशंका है। इसलिए लोगों को मौसम खराब होने के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है। हालांकि, उत्तर बिहार की तुलना में दक्षिण बिहार के अधिकतर हिस्सों में बारिश की संभावना कम है, लेकिन कुछ स्थानों पर तेज बिजली चमकने और तेज हवा की स्थिति बन सकती है। बीते 24 घंटे में पटना, खगड़िया, सुपौल, जमुई, सासाराम समेत कुछ जिलों में बारिश हुई। वहीं, पटना में दिन में तेज धूप रही, लेकिन शाम में काले बादल छाए और रात में मूसलाधार बारिश हुई। बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम का बिहार पर असर मौसम विभाग के अनुसार पूर्व-मध्य और उससे लगे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न दबाव क्षेत्र पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से अगले 24 घंटे में पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर इसके और प्रभावी होने की संभावना है। इसके बाद यह सिस्टम उत्तर आंध्र प्रदेश-दक्षिण ओडिशा के तटों के आसपास पहुंच सकता है। इसके प्रभाव से बिहार में भी बारिश की गतिविधियों में तेजी आने का अनुमान है। पटना में कैसा रहेगा मौसम राजधानी में आज मौसम बादलों से घिरा रहने का अनुमान है। एक-दो दौर में बारिश या गरज के साथ बौछार पड़ सकती है। साथ ही बिजली गिरने की भी चेतावनी है। 24 घंटे के दौरान पटना में दिन में तेज धूप रही। शाम होते ही मौसम बदल गया। काले घने बादल छाए रहे। 25 सितंबर को भी बारिश का असर रहेगा मौसम विभाग के अनुसार, 24 सितंबर के बाद भी बिहार में बारिश से राहत मिलने की संभावना कम है। 25 सितंबर को भी बहुत भारी बारिश और गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी है। 26 और 27 सितंबर को भी राज्य के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश की संभावना बनी रहेगी। पटना के लिए 25 सितंबर को बारिश या गरज के साथ तेज हवा चलने की संभावना है। इस दिन अधिकतम तापमान करीब 30°C और न्यूनतम तापमान करीब 25°C रहने का अनुमान है। पिछले 24 घंटे में कमजोर रहा मानसून 24 घंटे के दौरान बिहार में मानसून की गतिविधि कमजोर रही। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में बारिश का वितरण छिटपुट रहा। पूर्वी बिहार के कई स्थानों पर, जबकि राज्य के बाकी हिस्सों में कुछ जिलों के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। कुल मिलाकर राज्य में व्यापक स्तर पर बारिश नहीं हुई। बिहार में अब तक कुल 591.7 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश का आंकड़ा 943.4 मिमी है। इस तरह राज्य में अब तक सामान्य से करीब 37 प्रतिशत कम बारिश हुई है। बारिश की कमी का असर राज्य के कई हिस्सों में देखा जा रहा है। कुछ इलाकों में हुई अच्छी बारिश हालांकि राज्य में मानसून की गतिविधि कमजोर रही, लेकिन बांका, मुजफ्फरपुर, मुंगेर, किशनगंज, मधुबनी और पूर्वी चंपारण समेत कुछ जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के आंकड़ों से साफ है कि बारिश का वितरण पूरे बिहार में एक समान नहीं रहा और कई हिस्सों में बारिश सीमित रही। किसानों के लिए मौसम विभाग की सलाह मौसम विभाग ने किसानों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। फिलहाल कई जगहों पर खरीफ फसलों की कटाई का समय चल रहा है। ऐसे में कटी हुई फसलों को जल्द से जल्द सुरक्षित और सूखे स्थान पर रखें। खेतों में पड़ी फसल को खुले में न छोड़ें। खड़ी फसलों में जरूरत के अनुसार सिंचाई फिलहाल टाल दें। बारिश और तेज हवा के दौरान खेतों में जाने से बचें। सब्जियों वाली फसलों की सिंचाई फिलहाल रोक दें। स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें। बिजली गिरने के दौरान इन बातों का रखें ध्यान बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को खुले मैदान, पेड़, बिजली के खंभे, तालाब और जलाशयों के आसपास जाने से बचना चाहिए। आंधी-तूफान के दौरान घर के अंदर रहना सुरक्षित है। मोबाइल और दूसरे बिजली से चलने वाले उपकरणों का इस्तेमाल भी सावधानी से करने की सलाह दी गई है।

Source: Read Full Article

प्रतिक्रिया दें (Leave a Reply)

आपका ईमेल पता सुरक्षित है और प्रकाशित नहीं किया जाएगा। आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *