सुल्तानपुर के गोसाईगंज थाना क्षेत्र में लखनऊ-बलिया हाइवे पर स्थित बाजार में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व इस साल भी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। क्षेत्र में तीन दिनों तक भगवान श्रीकृष्ण की झांकियों, आकर्षक सजावट और धार्मिक आयोजनों की धूम रही। चौथे दिन सोमवार रात को भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए श्रद्धालुओं ने भव्य यात्रा निकाली। बता दें यहां लगभग 15 पंडाल सजाए गए थे। गोसाईगंज क्षेत्र की बोल बम सेवा समिति सांवरिया और मां विंध्यवासिनी समिति गोसाईगंज से जुड़े श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा लेकर सीताकुंड घाट की ओर रवाना हुए। विसर्जन यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल थे। डीजे की धुन पर युवा और अन्य श्रद्धालु नाचते-गाते हुए भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगा रहे थे। विसर्जन यात्रा के दौरान पूरे रास्ते भक्ति का माहौल बना रहा। श्रद्धालु ‘जय श्रीकृष्ण’, ‘राधे-राधे’ और अन्य धार्मिक जयकारों के साथ आगे बढ़ रहे थे। जगह-जगह लोग विसर्जन यात्रा देखने के लिए जमा हुए थे। यात्रा में शामिल लोगों में काफी उत्साह दिख रहा था। जन्माष्टमी महोत्सव के तीन दिनों तक समितियों ने आकर्षक सजावट और भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकियां सजाई थीं। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद लिया। महोत्सव के समापन के बाद चौथे दिन प्रतिमा को विसर्जन के लिए सीताकुंड घाट ले जाया गया। श्रद्धालुओं ने बताया कि जन्माष्टमी का पर्व उनके लिए आस्था और भक्ति का प्रतीक है। प्रतिमा विसर्जन के साथ ही तीन दिवसीय जन्माष्टमी महोत्सव का समापन हो गया।
Source: Read Full Article