Rajasthan Weather Today: राजस्थान से दक्षिण-पश्चिम मानसून की पूरी तरह विदाई हो गई है. मौसम विभाग के अनुसार 3 अक्टूबर को मानसून ने प्रदेश के शेष हिस्सों से सामान्य समय से करीब 3 दिन की देरी से विदाई ली. इसके साथ ही राज्य में बारिश की गतिविधियां कमजोर हो गई हैं. 4 अक्टूबर को पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान दोनों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है. अगले एक सप्ताह तक भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना नहीं है. मानसून की वापसी के बाद उत्तर दिशा से शुष्क हवाओं का प्रभाव बढ़ा है. उत्तर गुजरात और दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के आसपास प्रति-चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. वहीं राजस्थान के ऊपर 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर बनी ट्रफ कमजोर हो गई है. 3 अक्टूबर को पिलानी में प्रदेश का सर्वाधिक 41.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2-4 डिग्री ऊपर रहने की संभावना जताई है.
Source: Read Full Article