अयोध्या में भीषण सड़क हादसा: NH-27 पर ट्रैक्टर-ट्रॉली को DCM ने मारी टक्कर, 28 लोग थे सवा
अयोध्या: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में बुधवार सुबह NH-27 पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। रुदौली कोतवाली क्षेत्र के मखवापुर के पास अयोध्या दर्शन के लिए जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से आ रही DCM ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। ट्रॉली में कुल 28 महिला, पुरुष और बच्चे सवार थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और कई लोग घायल हो गए।
नया ट्रैक्टर लेने के बाद अयोध्या दर्शन के लिए निकला था परिवार
जानकारी के अनुसार लखीमपुर खीरी निवासी अनुराग वर्मा के परिजन नया ट्रैक्टर लेने के बाद रिश्तेदारों के साथ अयोध्या दर्शन के लिए निकले थे।
ट्रैक्टर-ट्रॉली में परिवार और रिश्तेदारों समेत कुल 28 लोग सवार थे। बुधवार सुबह करीब छह बजे उनका वाहन मखवापुर के पास NH-27 पर पहुंचा, तभी पीछे से आ रही DCM ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद पलट गई ट्रॉली
DCM की टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और ट्रॉली सड़क पर पलट गई। उसमें बैठे लोगों में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
हादसे में ट्रैक्टर चालक विकास वर्मा (27) समेत छोटे कश्यप (38), धनंजय वर्मा, आदित्य वर्मा (16), आदर्श, शुभम वर्मा, रेखा और दिनेश सहित कई लोग घायल हुए हैं।
PRV-112 और पुलिस टीम मौके पर पहुंची
हादसे की सूचना मिलते ही PRV-112 की टीम मौके पर पहुंची। आसपास के लोगों ने भी राहत और बचाव कार्य में मदद की।
पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रुदौली पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। भेलसर चौकी प्रभारी युवराज सिंह भी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और हादसे की जानकारी जुटाई।
DCM अलीगढ़ से गत्ता लेकर गोरखपुर जा रही थी
पुलिस के मुताबिक DCM में वाहन संख्या UP 42 CT 7023 दर्ज है। यह वाहन अलीगढ़ से गत्ता लेकर गोरखपुर की ओर जा रहा था।
DCM चालक राकेश सिंह ने पुलिस को बताया कि आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक दाईं ओर आ गई। चालक के अनुसार उसने ब्रेक लगाने की कोशिश की, लेकिन तब तक DCM ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे के वास्तविक कारणों की जांच पुलिस कर रही है।
NH-27 पर यातायात हुआ बाधित
हादसे के बाद सड़क पर ट्रैक्टर-ट्रॉली और DCM के क्षतिग्रस्त होने से NH-27 पर यातायात प्रभावित हो गया।
पुलिस ने क्रेन और JCB की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया। इसके बाद मार्ग पर यातायात को दोबारा सुचारू कराया गया।
पुलिस कर रही हादसे की जांच
भेलसर चौकी प्रभारी युवराज सिंह के अनुसार हादसे में कई लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर हादसे से जुड़ी जानकारी जुटाई है।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी में DCM और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर की बात सामने आई है
Leave a Reply