रामपुर ,जौनपुर। रामपुर थाना क्षेत्र के जमालापुर बाजार में दुर्गा पूजा के दौरान एक युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना सोमवार की देर रात की बताई जा रही है। युवक की मौत की वजह हार्ट अटैक बताई जा रही है। घटना के बाद बाजार में शोक का माहौल छा गया। मिली जानकारी के अनुसार, जमालापुर पट्टी निवासी रवि सिंह उर्फ टोनी (करीब 35 वर्ष) नवज्योति संस्था के प्रबंधक थे। नवरात्र के अवसर पर संस्था की ओर से दुर्गा प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना और अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे थे। महानवमी के दिन बाजार में मेले के साथ लाउडस्पीकर प्रतियोगिता, झांकी और चौकी का प्रदर्शन भी हो रहा था। बताया जाता है कि जमालापुर बाजार में दो संस्थाओं की ओर से दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं। दोनों तरफ लाउडस्पीकर बजने के कारण प्रतियोगिता जैसा माहौल बना हुआ था। देर रात करीब 12 बजे पुलिस ने रवि सिंह उर्फ टोनी से लाउडस्पीकर बंद कराने को कहा। इसके बाद उन्होंने अपना लाउडस्पीकर बंद करा दिया और दूसरी तरफ भी आवाज बंद करने की बात कही। इसी बात को लेकर कहासुनी होने की जानकारी सामने आई है। बताया जाता है कि विवाद बढ़ने पर हाथापाई तक की नौबत आ गई। इसके कुछ देर बाद रवि सिंह अपनी संस्था के परिसर में पहुंचे, जहां अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें हार्ट अटैक आने की बात कही जा रही है, जिससे उनकी मौत हो गई।
Source: Read Full Article