रायबरेली में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रायबरेली पुलिस ने हत्या के प्रयास के दो अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सलोन और लालगंज थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पहला मामला सलोन थाना क्षेत्र का है। आंशिकाबाद निवासी अनदीप पर 23 जून की रात बसंतगंज बाजार नहर के पास कुछ लोगों ने लोहे की रॉड, चाकू और धारदार हथियारों से हमला किया था। हमलावर पीड़ित को मरा समझकर मौके से फरार हो गए थे। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। गुरुवार को सलोन पुलिस ने सम्राट ढाबा के पास से मामले में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान शत्रोहन पुत्र सूरजबली निवासी पैगम्बरपुर मजरे ममुनी और अमर कुमार पुत्र नत्थूलाल निवासी राजापुर चकबीबी, थाना सलोन के रूप में हुई है। गाड़ी की टक्कर के विवाद में किया था हमला दूसरा मामला लालगंज थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक 28 अगस्त को गाड़ी की टक्कर को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद 29 अगस्त को बहादुरगंज बड़ी नहर पुल के पास सर्वेन्द्र कुमार और उसके साथियों ने पीड़ितों को घेर लिया और लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से हमला किया था। लालगंज पुलिस ने नामजद आरोपी सर्वेन्द्र कुमार पुत्र राकेश कुमार उर्फ हीरालाल निवासी ग्राम कोडरा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल एक लोहे की रॉड और लकड़ी का डंडा भी बरामद किया है। दोनों मामलों में आरोपियों को भेजा जेल पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर तीनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देश पर की गई।
Source: Read Full Article