Tuesday, 25 August 2026

आज भोजपुर आ रहे हैं पूर्व सीएम नीतीश कुमार:बखोरापुर काली मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

बिहार के पूर्व सीएम नीतीश कुमार आज भोजपुर आ रहे हैं। बड़हरा प्रखंड स्थित प्रसिद्ध सिद्धपीठ जय मां काली बखोरापुर वाली मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। उनके दौरे को लेकर मंदिर ट्रस्ट और जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से व्यापक इंतजाम किए हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नीतीश कुमार सोमवार सुबह करीब 11 बजे मंदिर पहुंचकर मां काली की विशेष पूजा-अर्चना करेंगे और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर मंदिर परिसर सहित पूरे इलाके में उत्साह का माहौल है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है। सुरक्षा के कड़े इंतजाम, पुलिस बल की तैनाती मंदिर परिसर से लेकर आसपास के मार्गों तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जिला प्रशासन और पुलिस ने कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विशेष कार्य योजना तैयार की है। मंदिर परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। जबकि आने-जाने वाले प्रमुख मार्गों पर भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम और एंबुलेंस की व्यवस्था भी की गई है। स्वागत के लिए विशेष तैयारी की जा रही है मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं और प्रशासन के साथ लगातार समन्वय स्थापित कर प्रत्येक व्यवस्था की निगरानी की जा रही है। मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं होटल मौर्या, पटना के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर बीडी सिंह के नेतृत्व में स्वागत की विशेष तैयारियां की गई हैं। कार्यक्रम को सुव्यवस्थित बनाने के लिए अलग-अलग समितियों का गठन किया गया है, जिन्हें अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। वहीं, होटल गायत्री के प्रबंध निदेशक अजीत सिंह और संरचना इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड, पटना के निदेशक सुशील सिंह बाहर से आने वाले अतिथियों के ठहरने, भोजन और आतिथ्य की व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। मंदिर ट्रस्ट का कहना है कि पूर्व मुख्यमंत्री के दौरे को ऐतिहासिक और गरिमामय बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

Source: Read Full Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *