देवीपाटन मंडल के चार जिलों में एक लाख बच्चों को स्टडी टेबल मिलने से उनके घरों में पढ़ाई के लिए अलग स्थान तैयार हुआ है। स्टडी टेबल मिलने से खुश बच्चों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को हाथ से लिखे आभार पत्र भेजे हैं। बच्चों ने पत्रों को फूलों से सजाने के साथ मुख्यमंत्री के चित्र और ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ जैसे संदेश भी बनाए हैं। कक्षा छह की छात्रा सबा ने लिखा कि पहले घर पर पढ़ाई करने में असुविधा होती थी, लेकिन अब स्टडी टेबल मिलने से पढ़ना आसान हुआ और पीठ दर्द की समस्या भी नहीं होती। कक्षा सात की नुजहत फातिमा ने बताया कि इससे पढ़ाई का बेहतर वातावरण मिला और वह अधिक एकाग्रता से गृहकार्य व पाठ दोहराती हैं। स्वाती ने भी स्टडी टेबल और पढ़ाई की सामग्री के लिए आभार जताया। चार जिलों में बांटी गईं स्टडी टेबल मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल के अनुसार ‘शिक्षा की उड़ान’ अभियान के तहत एक लाख स्टडी टेबल वितरण का लक्ष्य पूरा हुआ। बहराइच में 34,260, गोंडा में 27,650, बलरामपुर में 26,984 और श्रावस्ती में 11,106 टेबल वितरित की गईं। अभियान में मेधावी विद्यार्थियों और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की छात्राओं को शामिल किया गया।
Source: Read Full Article