बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के MLC चुनाव की प्रक्रिया आज 29 सितंबर से शुरू हो रही है। नामांकन 6 अक्टूबर तक दाखिल किए जा सकेंगे। चुनाव की तैयारियों को लेकर सोमवार को कमिश्नरी सभागार में मंडलायुक्त शम्भू कुमार ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। मंडलायुक्त ने कहा कि चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराया जाएगा। सरकारी मशीनरी और कर्मचारियों का चुनाव में इस्तेमाल नहीं होने दिया जाएगा। मंत्रियों के सरकारी दौरों को चुनाव प्रचार से जोड़ने पर भी रोक रहेगी। 23 अक्टूबर को वोटिंग, 27 को रिजल्ट नामांकन की जांच 7 अक्टूबर को होगी। नाम वापसी की आखिरी तारीख 9 अक्टूबर है। इसके बाद 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। मतगणना 27 अक्टूबर को होगी। पूरी चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी करने का कार्यक्रम है। नामांकन के लिए ये नियम जरूरी प्रत्याशी या उसका प्रस्तावक ही नामांकन पत्र आरओ/एआरओ के सामने जमा कर सकेगा। डाक, फैक्स या ई-मेल से भेजा गया पर्चा स्वीकार नहीं होगा। एक प्रत्याशी अधिकतम चार नामांकन पत्र दाखिल कर सकता है। फॉर्म-26 में कोई भी कॉलम खाली नहीं छोड़ना होगा। जो जानकारी लागू नहीं है, वहां ‘Nil’ या ‘Not Applicable’ लिखना जरूरी होगा। नामांकन के दौरान प्रत्याशी और प्रस्तावक के विवरण का मतदाता सूची से मिलान भी किया जाएगा। आचार संहिता लागू, नई घोषणाओं पर रोक चुनाव के दौरान शिक्षक मतदाताओं को प्रभावित करने वाली नई सरकारी योजनाओं, उद्घाटन और शिलान्यास पर रोक रहेगी। डाक बंगले, गेस्ट हाउस और सार्वजनिक स्थानों के इस्तेमाल में सभी दलों को समान मौका देना होगा। मतदान खत्म होने से 48 घंटे पहले चुनाव प्रचार पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान शराब की बिक्री पर भी ड्राई डे के नियम लागू होंगे। नामांकन स्थल पर सुरक्षा कड़ी कमिश्नर और डीआईजी ने नामांकन स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था देखी। यहां बैरिकेडिंग, सीसीटीवी, मेटल डिटेक्टर और ट्रैफिक व्यवस्था की समीक्षा की गई। बिना पास वाहनों की एंट्री पर रोक रहेगी। अधिकारियों ने नामांकन स्थल के आसपास अनावश्यक भीड़ रोकने और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के निर्देश दिए।
Source: Read Full Article