चंदौली: उत्तर प्रदेश के चंदौली में इन दिनों एक विशालकाय ट्रक लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। करीब 308 पहियों वाले डबल इंजन ट्रेलर पर लगभग 200 टन वजनी वेसल लादकर ले जाया जा रहा है। जैसे ही यह भारी-भरकम ट्रेलर बिहार से उत्तर प्रदेश के नौबतपुर बॉर्डर पर पहुंचा, इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुट गए।
यह विशाल मशीन ओडिशा से सड़क मार्ग के जरिए उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी स्थित बलरामपुर के प्लांट तक ले जाई जा रही है। मशीन के आकार को देखते हुए इसे निकालना सामान्य ट्रांसपोर्ट की तुलना में काफी चुनौतीपूर्ण है।
308 पहियों वाले ट्रेलर पर लदा है विशाल वेसल
जानकारी के मुताबिक, यह ओवर डायमेंशन कार्गो बॉयलर मशीन है, जिसे बलरामपुर चीनी मिल के लिए लाया जा रहा है। मशीन समुद्री रास्ते से बेल्जियम से भारत पहुंची थी और ओडिशा के पारादीप पोर्ट पर उतारने के बाद इसे विशेष मल्टी-एक्सल ट्रेलर पर लादकर सड़क मार्ग से उत्तर प्रदेश भेजा गया।
मशीन की ऊंचाई करीब 8 मीटर और चौड़ाई लगभग 7 मीटर बताई गई है। वहीं करीब 100 फीट लंबे ट्रेलर की बनावट और सैकड़ों पहियों को देखकर रास्ते में लोगों में खासा कौतूहल देखने को मिला।
नौबतपुर बॉर्डर पर देखने उमड़ी भीड़
शुक्रवार सुबह जैसे ही 308 पहियों वाला डबल इंजन ट्रेलर नौबतपुर बॉर्डर पहुंचा, आसपास के लोग इसे देखने के लिए जुटने लगे। लोग विशाल ट्रेलर और उस पर लदे वेसल की तस्वीरें और वीडियो बनाने लगे।
ट्रेलर के आकार को देखते हुए बॉर्डर पर लगा प्रदेश प्रवेश द्वार का बोर्ड भी रास्ते में बाधा बन रहा था। इसे तीन बड़ी क्रेनों की मदद से उठाकर ट्रेलर को आगे निकाला गया।
NHAI ने हाईवे से हटाए साइनेज और बोर्ड
इतने बड़े आकार के वेसल को सुरक्षित तरीके से आगे ले जाने के लिए NHAI और स्थानीय प्रशासन को विशेष इंतजाम करने पड़ रहे हैं। नौबतपुर से कटरियां तक हाईवे पर लगे कई साइनेज और बोर्ड हटाए जा रहे हैं, ताकि भारी-भरकम मशीन को रास्ते में किसी तरह की परेशानी न हो।
खनन विभाग और वाणिज्य कर विभाग के कुछ बोर्ड भी ट्रेलर के रास्ते में बाधा बन रहे थे। अधिकारियों और पुलिस ने NHAI के साथ मिलकर इन बाधाओं को हटाकर ट्रेलर को आगे रवाना कराया।
रास्ते में जहां सड़क संकरी, वहां किया जा रहा चौड़ा
इतने बड़े मालवाहक को सुरक्षित तरीके से गंतव्य तक पहुंचाने के लिए विशेषज्ञों की टीम भी साथ चल रही है। ट्रेलर के आगे दो पायलट वाहन चल रहे हैं। जहां सड़क संकरी दिखाई देती है, वहां जरूरत के मुताबिक रास्ता चौड़ा करने के बाद ट्रेलर को आगे बढ़ाया जा रहा है।
जिला प्रशासन, पुलिस और NHAI की टीम पूरे रूट पर निगरानी रख रही है, ताकि ट्रेलर के गुजरने के दौरान यातायात और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित न हो।
सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ विशाल ट्रक
308 पहियों वाला यह ट्रेलर अपनी असाधारण लंबाई, चौड़ाई और पहियों की संख्या के कारण सोशल मीडिया पर भी तेजी से चर्चा में आया है। जिस इलाके से यह गुजर रहा है, वहां लोग इसे देखने के लिए सड़क किनारे जमा हो रहे हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, चंदौली में रुकने के बाद ट्रेलर को वाराणसी की ओर ले जाया जाना था। हरहुआ के पास भी इसे रोककर आगे की यात्रा की तैयारी की जानी थी।
लखीमपुर खीरी के प्लांट में लगेगा वेसल
इस विशाल मशीन को उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के बलरामपुर क्षेत्र में बन रहे प्लांट में लगाया जाना है। मशीन को उसके अंतिम गंतव्य तक पहुंचाने के लिए विशेष रूट और सुरक्षा व्यवस्था बनाई गई है।
इतने भारी और बड़े आकार के उपकरण को सड़क मार्ग से पहुंचाना अपने आप में एक चुनौती है। यही वजह है कि पूरे रास्ते पर NHAI, पुलिस, प्रशासन और विशेषज्ञों की टीम मिलकर काम कर रही है।
फिलहाल 308 पहियों वाला यह ‘बाहुबली’ ट्रक जिस भी इलाके से गुजर रहा है, वहां लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।