Tuesday, 13 October 2026
होम Crime हरिओम हत्याकांड के आरोपियों पर चार्जशीट दाखिल:बदायूं में शादी से लौटते समय हुई थी हत्या, परिजनों ने किया था हंगामा
Crime

हरिओम हत्याकांड के आरोपियों पर चार्जशीट दाखिल:बदायूं में शादी से लौटते समय हुई थी हत्या, परिजनों ने किया था हंगामा

dbnadmin
DBN विशेष संवाददाता
12 October 2026 8:27 PM 1 मिनट पठन 256 Views
हरिओम हत्याकांड के आरोपियों पर चार्जशीट दाखिल:बदायूं में शादी से लौटते समय हुई थी हत्या, परिजनों ने किया था हंगामा

बदायूं में शादी की दावत खाकर घर लौट रहे हरिओम को रास्ते में घेरकर बेरहमी से पीटा गया। धारदार हथियारों से प्रहार भी किए गए। गंभीर चोटों से उसका फेफड़ा फट गया और इलाज के दौरान मौत हो गई। हत्या के बाद परिजनों ने नाधा पुलिस चौकी के सामने शव रखकर करीब डेढ़ घंटे तक जाम लगाया था। आगजनी की कोशिश भी की गई । पुलिस पर आरोपियों को बचाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया था। अब इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है। मामला जरीफनगर थाना क्षेत्र के कादरचौक गांव का है। 12 जुलाई की रात गांव में कल्याण की बेटी की शादी थी। समारोह से दावत खाकर हरिओम, रामानंद और जुगेंद्र लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में पहले से मौजूद लोगों ने वैगनआर कार तिरछी खड़ी कर उनका रास्ता रोक लिया। पुरानी रंजिश और गाड़ी हटाने को लेकर विवाद हुआ तो आरोपियों ने लाठी, भाला, फरसा और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे जुगेंद्र को भी पीटा गया। हमले में तीनों घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल हरिओम को जिला अस्पताल से राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। यहां इलाज के दौरान दूसरे दिन उसकी मौत हो गई। मृतक की मां नेहा की तहरीर पर पुलिस ने 12 नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर नाधा पुलिस चौकी पहुंचे और सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। उन्होंने थाना पुलिस पर आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। करीब डेढ़ घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान हालात संभालने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर पहुंचना पड़ा। पुलिस ने चन्द्रकेश, चन्द्रवीर, प्रेमसिंह, पप्पू, सुरेशचंद और जितेन्द्र को गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की निशानदेही पर एक कुल्हाड़ी, लोहे की रॉड, स्टील की रॉड, एक भाला और दो लाठियां बरामद की गई थीं। मामले में अब आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी गई है। इंस्पेक्टर बाबूराम गौतम के मुताबिक, हरिओम हत्याकांड में आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी गई है।

Source: Read Full Article

प्रतिक्रिया दें (Leave a Reply)

आपका ईमेल पता सुरक्षित है और प्रकाशित नहीं किया जाएगा। आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *